अटरू में नौतपा का असर:रातें भी गर्म, बाजारों में सन्नाटा, दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच धूप से बचने की अपील
अटरू उपखंड क्षेत्र भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। नौतपा के दूसरे दिन सुबह से ही गर्मी का असर दिखना शुरू। तेज धूप और तपती सड़कों के कारण दोपहर में मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले लोग भी चेहरे ढककर और बचाव के साथ यात्रा करने को मजबूर हैं।
स्थानीय व्यापारियों लोकेश शर्मा, दिलिप सांवरिया, जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय ग्राहकों की आवाजाही लगभग शून्य हो गई है। इसका सीधा असर उनके दैनिक व्यापार पर पड़ रहा है। शाम ढलने के बाद भी बाजारों में पहले जैसी रौनक नहीं दिख रही है।
गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों के मुताबिक, अब रातें भी काफी गर्म हो गई हैं। देर रात तक चलने वाली गर्म हवाओं के कारण लोगों को नींद पूरी करने में परेशानी हो रही है। इस भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, नौतपा के दौरान गर्मी का प्रकोप अधिक होता है। हालांकि, इस बार नौतपा के दूसरे दिन ही पारा इतना चढ़ गया है कि लोग गर्मी से परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग पानी और छाया की तलाश में जुटे हुए हैं।
बढ़ते तापमान को देखते हुए स्थानीय चिकित्सकों ने आमजन के लिए स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है। उन्होंने पर्याप्त पानी पीने, शरीर में पानी की कमी न होने देने, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी है।
चिकित्सकों ने घर से बाहर निकलते समय टोपी, गमछे या छाते का उपयोग अनिवार्य रूप से करने, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधी धूप से बचने और अधिक तला-भुना खाने से परहेज कर मौसमी फलों व तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने को कहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने और लू के लक्षण महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की है।






